Friday, July 30, 2010

सबके सपनों का अर्थ..

सपने हमें अतार्किक या अगणितीय मालूम पड़ते हैं, लेकिन इनके अपने अर्थ होते हैं। हमारे मन की भीतरी परत में जो चल रहा होता है, ये उसकी ही अभिव्यक्ति होते हैं। हमारे जीवन की घटनाओं-परिस्थितियों से इनका सीधा सरोकार रहता है। यह अचेतन मन की भाषा है, इनके माध्यम से अचेतन संवाद करता है, लेकिन प्रतीक रूप में। सालों से अध्ययनकर्ता सपनों को समझने, उसकी व्याख्या करने में लगे थे।
इस दौरान उन्हें कुछ दिलचस्प चीजों पता चलीं। उन्होंने पाया कि कुछ ऐसे सपने हैं, जिन्हें कमोबेश हर इंसान कभी न कभी देखता है। जैसे सबसे आम सपना ख़ुद को नीचे गिरते या डूबते देखने का है। इस तरह का सपना वे लोग देखते हैं, जिन्हें असुरक्षाबोध हो या व्यावहारिक जीवन में सहयोग नहीं मिल रहा है। वैसे, काम या भावनाओं के हावी होने पर भी इस तरह के सपने आते हैं।
इसी तरह, ख़ुद को नग्न-अर्धनग्न या ग़ैरतुकी ड्रेस (जैसे ऑफिस में पायजामा पहने हुए) पहने हुए सपना भी बहुत लोग देखते हैं। इस तरह का सपना व्याकुलता या शर्म का परिचायक है। लेकिन इससे गर्व या स्वतंत्रता की भावना भी छिपी हो सकती है। इसका एक मतलब यह भी हो सकता है कि व्यावहारिक जीवन में आप ख़ुद को ज्यादा प्रदर्शित कर चुके हैं या अपनी गोपनीय जानकारी बता चुके हैं। बहुत से लोग सपने में अपना मुंह खोलते हैं और पाते हैं उनके दांत नहीं हैं, या झड़ना शुरू हो चुके हैं। इसका सामान्य अर्थ यह है कि हम बुरे दिखने को लेकर हुए डरे हैं। लेकिन गहरा अर्थ व्यावहारिक जिंदगी में शक्तिहीन होने का भय है।
सपनों में भी भय की मनोग्रंथि का दख़ल रहता है। अधिकांश लोगों को पीछा किए जाने के सपने आते हैं। यह सपना बताता है कि हम किसी व्यक्ति या वस्तु को लेकर आशंकित या डरे हुए हैं। वैसे ये सपने अर्थहीन भी हो सकते हैं, वास्तविक जिंदगी में घटी घटना के प्रभाव से भी व्यक्ति इस तरह का सपना देखता है। अगर आप इस तरह का सपना देख रहे हैं, जिसमें आप या आपका प्रिय पात्र बीमार है, जख्मी है या मर रहा है.. तो इसका मतलब है कि आप भावनात्मक रूप से आहत हैं या फिर अपमानित होने का भय आपको सता रहा है।
इसमें चेतावनी भी है कि या तो आपको या आपके प्रियजन को कोई शारीरिक पीड़ा आने वाली है। परीक्षा में फेल होने का सपना भी लोगों को अक्सर आता है। मजे की बात यह है कि ये सपने उन्हें भी आते हैं, जिनका स्कूल-कॉलेज से नाता टूटे काफ़ी अरसा हो गया है। इसका मतलब है, आपको लग रहा है कि आप अपनी लाइफ में कुछ ग़लत निर्णय ले रहे हैं या आपको परखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment